टोक्यो 2020 ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू सऊदी अरब के रियाद में विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप में पांच सदस्यीय भारतीय दल का नेतृत्व करेंगी।
रियाद प्रतियोगिता 2024 पेरिस ओलंपिक के लिये क्वालीफाइंग प्रतियोगिता होगी और इसका आयोजन 4 से 17 सितंबर तक किया जायेगा।
चानू महिलाओं के 49 किग्रा वर्ग में चुनौती पेश करेंगी। दो बार की विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता का लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना होगा। उन्होंने अनाहेम में 2017 में स्वर्ण पदक जीता था जबकि पिछले साल बोगोटा में उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा था।
राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप 2021 की स्वर्ण पदक विजेता बिंदियारदेवी महिलाओं की 55 किग्रा स्पर्धा में भाग लेंगी।
पुरुष टीम में 2022 राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन अचिंता शेउली शामिल हैं, जो 73 किग्रा वर्ग में भाग लेंगे।
मौजूदा राष्ट्रीय स्तर के चैंपियन नारायण अजीत, शुभम तोडकर (जिन्होंने राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप में 61 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया था) भी प्रतिस्पर्धा करेंगे।